सड़क सुरक्षा को लेकर पूरे जनपद में चला विशेष अभियान, डीएम-एसपी ने वाहन चालकों को किया जागरूक

 

ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पूरे जनपद में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सभी तहसीलों के प्रमुख चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने वीर विनय चौराहे पर पहुंचकर वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।

अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की स्थिति में वाहन न चलाने की अपील की।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने, बिना नंबर प्लेट वाहन संचालित करने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को यातायात नियमों की अनदेखी से स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता के साथ-साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित लेन और गति सीमा का पालन करने तथा एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को तत्काल रास्ता देने की अपील की।

जनपद की सभी तहसीलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा अभियान चलाकर वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य सुरक्षित यातायात व्यवहार को जन-आंदोलन का रूप देते हुए सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना है।

Previous Post Next Post