स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 11 अगस्त। जिला कारागार शाहजहाँपुर में अखिल भारतीय साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था “प्रेरणा परिवार” के तत्वावधान में “कैसे कायम रहे देश की अखंडता” विषय पर निबंध/लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 25 बंदियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और देश की अखंडता को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर कारागार अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने कहा कि देश की अखंडता केवल सीमाओं की सुरक्षा से नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव, अनुशासन और प्रत्येक नागरिक के अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति सजग रहने से मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे रचनात्मक आयोजन बंदियों में सकारात्मक सोच, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट लेखन के आधार पर कपिल पुत्र मोरध्वज, अभिषेक पुत्र सुरेश, राजेश कुमार पुत्र जितेन्द्र प्रसाद, मयंक सक्सेना पुत्र के.के. सक्सेना तथा रामू सिंह पुत्र धनिशपाल सिंह का शीर्ष पांच प्रतिभागियों के रूप में चयन किया गया।
चयनित सभी पांच बंदियों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन के मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बंदियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर देने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करना है। आयोजन को बंदियों के सकारात्मक पुनर्वास की दिशा में एक सार्थक पहल बताया गया।
