प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रुचिकर ढंग से हो रही प्रथम सत्र की मौखिक परीक्षाएं

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

कविता, कहानी और अंग्रेजी कविता के जरिए परखी जा रही बच्चों की सीखने की क्षमता

बलरामपुर। जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता और लर्निंग आउटकम का आकलन करने के उद्देश्य से प्रथम सत्र की मौखिक परीक्षाएं कराई जा रही हैं। परीक्षाओं को भयमुक्त, सहज और रुचिकर वातावरण में संचालित किया जा रहा है, जिसमें बच्चे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं।

मौखिक परीक्षा के दौरान बच्चों के विषयगत ज्ञान के साथ-साथ समझ, अभिव्यक्ति क्षमता, स्मरण शक्ति, भाषा कौशल और आत्मविश्वास का भी आकलन किया जा रहा है। शिक्षक कक्षा एवं बच्चों के शैक्षिक स्तर के अनुरूप प्रश्न पूछने के साथ कविता, कहानी, अंग्रेजी कविता और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी सीख को परख रहे हैं।

इसी क्रम में विकासखंड बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय कटिया में आयोजित मौखिक परीक्षा के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा-1 की छात्रा नैनजी ने कविता सुनाकर अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया, जबकि कक्षा-4 की छात्रा अलिना ने अंग्रेजी कविता सुनाकर अंग्रेजी भाषा के प्रति अपनी समझ और आत्मविश्वास प्रदर्शित किया।

इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय गोंदीपुर और प्राथमिक विद्यालय सिंहवापुर सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भी मौखिक परीक्षाएं सकारात्मक एवं गतिविधि आधारित वातावरण में संचालित की जा रही हैं।

मौखिक परीक्षाओं के माध्यम से बच्चों की शैक्षिक प्रगति का आकलन कर उन विषयों और दक्षताओं को चिन्हित किया जा रहा है, जिनमें अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता है। इसके आधार पर शिक्षण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य बच्चों के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार करते हुए बेहतर लर्निंग आउटकम सुनिश्चित करना है। साथ ही विद्यालयों में ऐसा सकारात्मक वातावरण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जहां बच्चे सहजता से सीखें, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

Previous Post Next Post