दुबग्गा में खजूर पैकिंग फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू

 

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक खजूर पैकिंग फैक्ट्री के बेसमेंट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना मछली मंडी के पीछे, यूनिटी डिग्री कॉलेज के सामने स्थित फैक्ट्री की है, जहां आग लगते ही कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर लगभग 1:00 बजे हुई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे आग को फैक्ट्री के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि बेसमेंट में रखा सामान आग की चपेट में आने से नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Previous Post Next Post