ब्यूरो रिपोर्ट निजामुद्दीन, सीतापुर ✍️
सीतापुर। जनपद के सिधौली तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, समाज कल्याण, पंचायत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।
