लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का वांछित आरोपी गिरफ्तार, रॉड बरामद

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 11 अगस्त। थाना तिलहर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को वादी द्वारा थाना तिलहर में दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त ने वादी के भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर कई बार वार किया। हमले में वादी का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था।

मामले में थाना तिलहर पर मु0अ0सं0 424/26, धारा 109(1), 351(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर खानपुर चौराहे से गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देश पर अपराध की रोकथाम एवं वांछित/वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना तिलहर के नेतृत्व में पुलिस टीम अभियुक्त की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में 11 अगस्त 2026 को मुखबिर खास की सूचना पर थाना तिलहर पुलिस ने खानपुर चौराहे के पास सुबह करीब 9:50 बजे वांछित अभियुक्त रजत पुत्र प्रमोद, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी मोहल्ला सिटी सब्जी मंडी बिहारीपुर, थाना कोतवाली, जनपद बरेली को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड बरामद की गई।

न्यायालय में पेश किया जा रहा आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा, उपनिरीक्षक सौरभ शुक्ला, हेड कांस्टेबल विजय प्रताप एवं रिजर्व कांस्टेबल अमित ढाका शामिल रहे।

Previous Post Next Post