स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कारागार में सजा काव्य का मंच


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कारागार, शाहजहाँपुर में देशभक्ति, साहित्य और मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया गया। जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

कवि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कवियों एवं कवयित्रियों ने देशभक्ति, वीर रस, हास्य-व्यंग्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं की प्रस्तुति दी। कवियों की प्रस्तुतियों पर कारागार परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता को समर्पित रचनाओं ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदियों को भावविभोर किया।

मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं सुधार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बंदियों के मानसिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के लिए इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना की।

जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने कहा कि कारागार केवल निरुद्ध रखने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, शिक्षा एवं सकारात्मक पुनर्निर्माण का केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि साहित्य और संस्कृति व्यक्ति के भीतर सकारात्मक चेतना जगाने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम सुरेश कुमार शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह, एलएडीसीएस चीफ दिनेश मिश्रा, एलएडीसीएस डिप्टी चीफ विवेक शर्मा, कारापाल रामनरेश गौतम, उपकारापाल सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, जेल अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में बंदी मौजूद रहे।

राष्ट्रप्रेम, साहित्य एवं मानवीय संवेदनाओं के संगम के साथ कवि सम्मेलन उत्साहपूर्ण एवं भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Previous Post Next Post