बहादुरगंज बाजार में व्यापार मंडल ने शुरू किया झंडा वितरण अभियान, डीएम ने किया शुभारंभ

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 14 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश की जिला एवं महानगर इकाई शाहजहाँपुर द्वारा बहादुरगंज बाजार में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत झंडा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने व्यापारियों एवं आमजन को तिरंगा वितरित कर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा किया जा रहा यह कार्य सराहनीय है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि देने की अपील की।

जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य है कि बहादुरगंज बाजार का प्रत्येक दुकानदार और ग्राहक स्वतंत्रता दिवस पर अपने प्रतिष्ठान पर गर्व के साथ तिरंगा फहराए। महानगर अध्यक्ष मो. सलाउद्दीन अख्तर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी व्यापारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों, पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से वातावरण देशभक्तिमय हो गया।

इस मौके पर प्रांतीय मंत्री अनूप गुप्ता, जिला महामंत्री सुशील गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, महानगर महामंत्री अजय गुप्ता, रफी खान, नदीम खान, नफीस खान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक मौजूद रहे।

Previous Post Next Post