मानसून पूर्व तैनाती के तहत चित्रगुप्त महिला विद्यालय में आयोजित हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 11 अगस्त 2026। मानसून पूर्व तैनाती (Pre-Monsoon Deployment) के अंतर्गत हनुमतधाम आश्रय भवन, शाहजहाँपुर में तैनात 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा जनजागरूकता एवं सामुदायिक क्षमता निर्माण के उद्देश्य से लगातार जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में श्री चित्रगुप्त महिला विद्यालय जूनियर हाई स्कूल, केरूगंज, सदर, शाहजहाँपुर में NDRF टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार (First Aid) विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एएसआई धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शोभा गौतम भी मौजूद रहीं।
विद्यार्थियों को सिखाई गईं जीवनरक्षक तकनीकें
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रक्तस्राव नियंत्रण, स्प्लिंटिंग, सीपीआर, श्वासनली अवरोध (FBAO) से निपटने की तकनीक, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन निकासी तथा विभिन्न आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
NDRF टीम द्वारा विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति में स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सहायता करने के महत्वपूर्ण तरीके बताए गए।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने NDRF टीम द्वारा दिए गए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
NDRF द्वारा इस प्रकार के जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को आपदाओं के प्रति जागरूक, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।