ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️
घुटनों तक पानी भरने से राहगीर, वाहन चालक और दुकानदार परेशान, स्थायी जलनिकासी की मांग
सिधौली, सीतापुर। बीते दिनों हुई तेज बारिश के बाद NH-30 पर सिधौली क्षेत्र में भारी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़क पर घुटनों तक पानी भरने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहनों के खराब होने तथा पैदल आवागमन में दिक्कत की बात सामने आई है।
जलभराव की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रिजवान आलम के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने तहसील परिसर में धरना दिया। इसके बाद SDM सिधौली को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सिधौली को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से NH-30 की सर्विस लेन एवं मुख्य हाईवे पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा पानी की समुचित निकासी के लिए नाला/नाली का निर्माण कराने की मांग की गई। साथ ही संबंधित विभाग NHAI की कथित लापरवाही की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार सिधौली ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। आश्वासन के बाद डॉ. रिजवान आलम एवं उनके साथ आए लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, राहगीर एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
