लखनऊ पुलिस की महिला कर्मियों को POSH Act का प्रशिक्षण, 122 ने लिया हिस्सा


ब्यूरो रिपोर्ट राजन भारती लखनऊ ✍️

लखनऊ। महिला सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों को POSH Act का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में महिला हेल्प डेस्क और पिंक बूथ पर तैनात महिला कर्मियों को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कमिश्नरेट लखनऊ की 122 महिला कर्मियों ने प्रतिभाग किया। सर्टिफाइड POSH ट्रेनर तज़ीन फातिमा ने महिला पुलिसकर्मियों को POSH Act से जुड़े विभिन्न विधिक पहलुओं की जानकारी दी।

शिकायतों पर संवेदनशील कार्रवाई के बताए तरीके

प्रशिक्षण के दौरान महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर संवेदनशील एवं विधिसम्मत तरीके से कार्रवाई करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा के बारे में भी जानकारी दी गई।

महिला कर्मियों को विशाखा गाइडलाइंस, She-Box, ICC और LCC की भूमिका एवं जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया।

लखनऊ पुलिस की ओर से कहा गया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और कार्यस्थल पर गरिमापूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को कानून की बेहतर समझ प्रदान कर शिकायतों के प्रभावी एवं संवेदनशील निस्तारण के लिए सक्षम बनाना रहा।

Previous Post Next Post