थाना तिलहर में दर्ज मुकदमे में 13 अगस्त से वांछित चल रहे हैं दोनों आरोपी, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 16 सितम्बर 2026। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस ने हत्या के अभियोग में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए ₹10-10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा यह पुरस्कार 16 सितम्बर 2026 को घोषित किया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त थाना तिलहर में दर्ज एक अभियोग में 13 अगस्त 2026 से वांछित चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से 10 सितम्बर 2026 को गिरफ्तारी वारंट भी प्राप्त किया जा चुका है।
लगातार दबिश के बावजूद गिरफ्तारी नहीं
पुलिस के मुताबिक दोनों वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और अन्य सार्थक प्रयास भी किए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
दोनों के विरुद्ध मु0अ0सं0 430/2026, धारा 191(2), 191(3), 352, 351(3), 103(1), 3(5) बीएनएस, थाना तिलहर, जनपद शाहजहाँपुर में अभियोग पंजीकृत है।
पुरस्कार घोषित अभियुक्त
1. सुरेन्द्र प्रधान पुत्र ब्रह्मानन्द वर्मा
निवासी ग्राम सहबेगपुर, थाना तिलहर, जनपद शाहजहाँपुर।
2. वी.पी. पुत्र नन्दराम
निवासी ग्राम सहबेगपुर, थाना तिलहर, जनपद शाहजहाँपुर।
सूचना देने वाले को मिलेगा पुरस्कार
पुलिस के अनुसार उक्त दोनों वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अथवा उनकी गिरफ्तारी के संबंध में सही एवं विश्वसनीय सूचना उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को नियमानुसार घोषित ₹10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में मारे जाते हैं, तो पुरस्कार की स्वीकृति प्रकरण की जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। वहीं, यदि पुलिस महानिरीक्षक अथवा किसी अन्य उच्चाधिकारी द्वारा इससे अधिक पुरस्कार राशि घोषित की जाती है तो पूर्व में घोषित पुरस्कार स्वतः समाप्त माना जाएगा और अधिकतम घोषित पुरस्कार राशि ही मान्य होगी।
शाहजहाँपुर पुलिस की आमजन से अपील
शाहजहाँपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उपरोक्त वांछित अभियुक्तों के संबंध में किसी व्यक्ति को कोई सही एवं विश्वसनीय जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि दोनों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।