निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक मरीजों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श

 

ब्यूरो रिपोर्ट निर्मल यादव, सीतापुर ✍️

बिसवां, सीतापुर। विकासखंड बिसवां के लालपुर गांव में मंगलवार को रवि प्रकाश यादव उर्फ भोला के आवास पर लखनऊ के इंटीग्रल मेडिकल कॉलेज की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संयोजन एमएसडब्ल्यू रामसजीवन यादव ने किया, जबकि आयोजन में रवि प्रकाश यादव का सहयोग रहा।

शिविर में इंटीग्रल मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सिद्धांत बनर्जी ने हड्डी से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश तिवारी ने बच्चों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की।

महिलाओं और बच्चों की भी हुई स्वास्थ्य जांच

महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेरणा ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर में स्टाफ नर्स आयुषी और तान्या ने मरीजों के पंजीकरण, ब्लड प्रेशर, शुगर और यूरिन जांच के साथ दवा वितरण की जिम्मेदारी संभाली।

ग्रामीणों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ

ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक 100 से अधिक मरीजों की जांच की जा चुकी थी और उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। वहीं अन्य मरीजों का पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण जारी था।

ग्रामीणों ने गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शिविर आयोजकों की सराहना की।

Previous Post Next Post