ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज। फाफामऊ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने फाफामऊ ब्रिज से गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक कुछ देर से पुल पर खड़ा था और उसने अपना बैग पुल पर टांग रखा था। अचानक युवक ने गहरे पानी में छलांग लगा दी और डूबने लगा।
युवक के गंगा नदी में गिरते ही मौके पर मौजूद नाविक और तैराक उसकी ओर दौड़ पड़े। नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए गहरे पानी में पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर जल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
कुंडा का रहने वाला बताया युवक
युवक को बाहर निकालने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूछताछ के दौरान युवक ने खुद को कुंडा का रहने वाला बताया। उसने प्रयागराज में रहकर एक निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करने की बात कही। हालांकि, उसकी हालत ऐसी थी कि वह ठीक से जानकारी नहीं दे पा रहा था।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक युवक काफी देर से फाफामऊ ब्रिज पर खड़ा था। उसने अपना बैग पुल पर टांग दिया था। इसके बाद अचानक उसने गंगा में छलांग लगा दी। पुल से सीधे गहरे पानी में गिरने के कारण वह डूबने लगा था।
पुलिस जुटा रही युवक की पहचान की जानकारी
फिलहाल पुलिस युवक की पहचान और उसके परिजनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। युवक ने पूछताछ के दौरान अपनी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
