ऑपरेशन कन्विक्शन: नाबालिग को भगाने के मामले में आरोपी को 10 वर्ष का कठोर कारावास

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर की प्रभावी पैरवी के बाद एडीजे-42 कोर्ट का फैसला, अभियुक्त पर ₹35 हजार का अर्थदंड

शाहजहांपुर। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत शाहजहांपुर पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में न्यायालय ने अभियुक्त को 10 वर्ष के कठोर कारावास एवं कुल ₹35 हजार के अर्थदंड से दंडित किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना कटरा क्षेत्र के इस मामले में अभियुक्त अर्जुन पुत्र श्रीकृष्ण निवासी ग्राम बनतला, थाना पाली, जनपद हरदोई के खिलाफ वादी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने का आरोप था।

2021 में दर्ज हुआ था मुकदमा

प्रेस नोट के अनुसार, 15 जून 2021 को वादी ने थाना कटरा में तहरीर दी थी कि उसकी बेटी 30 मई 2021 को घर से चली गई है। शक के आधार पर तहरीर में अर्जुन पुत्र श्रीकृष्ण निवासी ग्राम बनतला, जनपद हरदोई तथा टिन्कू पुत्र अज्ञात निवासी गोटिया राजेपुर, जनपद फतेहगढ़ को नामजद किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कटरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा भौतिक, मौखिक एवं चिकित्सकीय साक्ष्यों सहित अन्य तथ्यों को संकलित किया गया। इसके आधार पर विवेचक उपनिरीक्षक अनिल कुमार द्वारा अभियुक्त अर्जुन के खिलाफ आरोप-पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया।

6 गवाहों की हुई गवाही

मॉनीटरिंग सेल, थाना कटरा पुलिस एवं अभियोजन विभाग द्वारा मामले की लगातार प्रभावी पैरवी की गई। पुलिस के अनुसार प्रकरण से संबंधित कुल 6 गवाहों को समयबद्ध रूप से न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराया गया तथा उपलब्ध साक्ष्यों को मजबूती से रखा गया।

इसके परिणामस्वरूप एडीजे-42, शाहजहांपुर की अदालत ने अभियुक्त अर्जुन को दोषसिद्ध पाते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास एवं ₹35 हजार के अर्थदंड से दंडित किया।

प्रकरण का विवरण

मु0अ0सं0-286/2021
धारा 363/366 भादवि व पॉक्सो एक्ट
थाना कटरा, जनपद शाहजहांपुर।

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी

पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर मामलों में विवेचना के साथ-साथ न्यायालय में प्रभावी पैरवी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों को कानून के तहत कठोर दंड दिलाने के साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।

Previous Post Next Post