स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में सुबह 10 बजे से होगी परीक्षा, अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संकाय में एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 10 सितंबर, गुरुवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक होगी।
प्रवेश समन्वयक प्रो. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपने साथ वैध फोटो पहचान पत्र, मूल प्रवेश पत्र तथा काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रवेश समन्वयक ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।