स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
पुलिस की काउंसलिंग से 12 साल और 6 माह पुराने वैवाहिक विवादों में बनी सहमति
शाहजहाँपुर। महिला थाना शाहजहाँपुर में सोमवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कुल पांच पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। इस दौरान पुलिस की समझाइश और आपसी वार्ता के बाद दो दंपतियों के बीच समझौता कराया गया, जिसके बाद दोनों दंपतियों को महिला थाना से सकुशल विदा किया गया।
पहले मामले में आवेदिका ने शिकायत की थी कि उसकी शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजनों द्वारा उसके साथ मारपीट करने और घर से निकालने की धमकी दी जाती थी। दोनों पक्षों को महिला थाना बुलाकर आमने-सामने वार्ता कराई गई और समझाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
दूसरे मामले में आवेदिका ने बताया कि उसकी शादी करीब छह माह पूर्व हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुरालीजनों द्वारा उसके साथ मारपीट और घर से निकालने की धमकी दी जाने लगी। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर वार्ता एवं काउंसलिंग की गई। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और दोनों को सकुशल विदा किया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक रश्मि अग्निहोत्री, महिला उपनिरीक्षक सुषमा देवी, उपनिरीक्षक लोकेश सिंह एवं महिला कांस्टेबल निशा सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
