स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। ददरौल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंधार के राजस्व ग्राम खमरिया में युवा कल्याण विभाग के ग्रामीण स्टेडियम का शिलान्यास वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रिमोट के माध्यम से किया। ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण 9 करोड़ 35 लाख 93 हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा। निर्माण कार्य यूपी सिडको द्वारा किया जा रहा है और इसे 2 जून 2027 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्टेडियम में मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
निर्माणाधीन ग्रामीण स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें प्रमुख रूप से—
- 400 मीटर एथलेटिक ग्रास ट्रैक
- 43×23 मीटर का हॉल
- 627 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल
- टेबल टेनिस हॉल
- पंप हाउस
- पुरुष एवं महिला चेंज रूम
- पुरुष एवं महिला शौचालय
- कार्यालय
- खेल परिसर में विद्युतीकरण
का कार्य कराया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
सांसद अरुण कुमार सागर ने खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के अन्य ब्लॉकों में भी ग्रामीण स्टेडियम बनाए जाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
11 खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ददरौल विधानसभा क्षेत्र में खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 11 खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीसी राठौर, ब्लॉक प्रमुख मदनपुर महेश पाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख ददरौल मुनेश्वर दयाल, ब्लॉक प्रमुख कांठ श्रीदत्त शुक्ला, महानगर उपाध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह, जिला महामंत्री महानगर सुनील वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यदायी संस्था के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार, जिला युवा कल्याण विभाग के बीओ शुभम सिंह, अनुराग कुमार, राहुल उपाध्याय, भूमिका सचान, व्यायाम निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता, महासचिव नरेंद्र त्यागी सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला ओलंपिक संघ के महासचिव नरेंद्र त्यागी ने किया। अंत में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
