B+ रक्त की तत्काल जरूरत की सूचना पर कंप्यूटर ऑपरेटर नवनीत कुमार ने स्वेच्छा से किया रक्तदान
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 06 सितंबर। शाहजहांपुर पुलिस ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए जरूरतमंद मरीज के लिए स्वैच्छिक रक्तदान किया। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली कि कपूर अस्पताल, पुराने जिला अस्पताल के पास, शाहजहांपुर में उपचाराधीन 12 वर्षीय बच्चे को B+ रक्त की तत्काल आवश्यकता है।
सूचना का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर ने अधिक से अधिक इच्छुक रक्तदाताओं तक सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद थाना कटरा में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर नवनीत कुमार तत्काल कपूर अस्पताल पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान किया।
समय पर रक्त उपलब्ध होने से बच्चे का उपचार सुचारु रूप से जारी रह सका। नवनीत कुमार के इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य के लिए बच्चे के परिजनों ने शाहजहांपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास और प्रशंसा जाहिर की।
शाहजहांपुर पुलिस ने कहा कि समाज सेवा एवं मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ पुलिस आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
