स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों से ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, मुफ्त दवाओं का वितरण
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों एवं जिला आयुष सोसायटी की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक बुधवार ‘आयुष आपके द्वार’ विशेष चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के तहत जनपद के आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारियों द्वारा ग्रामीण एवं दूर-दराज की ग्राम पंचायतों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें निःशुल्क औषधियां भी वितरित की गईं।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से कुल 1,222 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें आयुर्वेद से 728, होम्योपैथी से 403 और यूनानी चिकित्सा पद्धति से 91 लाभार्थी शामिल रहे।
मौसमी बीमारियों से बचाव की दी जानकारी
शिविरों के दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों को संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों से बचाव, जीवनशैली से जुड़ी व्याधियों के प्रबंधन तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुष पद्धतियों के उपयोग की जानकारी दी।
इसके साथ ही ग्रामीणों को औषधीय पौधों के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान प्रत्येक बुधवार लगातार संचालित किया जाता रहेगा।
