यूपी में H1N1 और सीजनल इन्फ्लुएंजा को लेकर सीएम योगी अलर्ट, अस्पतालों में मुफ्त जांच के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान, गंभीर मरीजों के लिए अलग ICU वार्ड बनाने को कहा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) एवं सीजनल इन्फ्लुएंजा की स्थिति की समीक्षा करते हुए रोकथाम और उपचार के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में H1N1 की जांच निःशुल्क कराने तथा अधिक मामलों वाले जिलों में निगरानी और उपचार व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी, मेडिकल कॉलेजों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) की जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाए। अस्पतालों में पर्याप्त दवा, जांच और आइसोलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही अधिक मामलों वाले जिलों में विशेष निगरानी रखी जाए।

गंभीर मरीजों के लिए अलग ICU की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने गंभीर मरीजों के उपचार के लिए अलग आईसीयू वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही H1N1 की रोकथाम एवं उपचार को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी करने को कहा।

उन्होंने टेली-कंसल्टेशन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा जिन क्षेत्रों में मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, वहां निगरानी बढ़ाकर तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष निगरानी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों तथा पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाए। एएनएम, आशा एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से सघन जांच अभियान चलाकर संभावित मरीजों की पहचान की जाए।

अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीजों के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जागरूकता से रोकने पर जोर, अनावश्यक पैनिक से बचने की अपील

मुख्यमंत्री ने संक्रमण की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों तक क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसकी सरल, सही एवं तथ्यपरक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अनावश्यक पैनिक की स्थिति न बने।

अस्पतालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हाथों की स्वच्छता, खांसी-छींक के दौरान सावधानी तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Previous Post Next Post