आउटसोर्स कार्मिकों के हितों की सुरक्षा को लेकर यूपी आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

गांधी भवन में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, श्रमिक हितकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

शाहजहांपुर, 02 सितंबर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कार्मिकों के हितों के संरक्षण एवं उन्हें सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम, पोर्टल एवं वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शाहजहांपुर के गांधी भवन सभागार में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रहे। इस अवसर पर महापौर अर्चना वर्मा, नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष वेद प्रकाश मौर्या, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, पूर्व सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, सहायक श्रम आयुक्त के.के. गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं आउटसोर्स कार्मिक मौजूद रहे।

समय से वेतन, ईपीएफ-ईएसआईसी और बीमा जैसी सुविधाएं

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों के अधिकार एवं सेवा संबंधी लाभ सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि शासनादेश 09 सितंबर 2025 के माध्यम से निगम के गठन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी और अब निगम के लोगो, वेबसाइट एवं पोर्टल का अनावरण किया गया है।

उन्होंने बताया कि आउटसोर्स कार्मिकों को अधिकृत आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले सर्विस प्रोवाइडरों को तीन वर्ष के लिए इम्पैनल किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले सर्विस प्रोवाइडरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट कर इम्पैनलमेंट से हटाया जा सकेगा।

आउटसोर्स कार्मिकों को समय से वेतन के साथ ईपीएफ एवं ईएसआईसी का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। कार्मिकों को प्रत्येक माह की 01 से 05 तारीख के बीच वेतन देने की व्यवस्था बताई गई। इसके अलावा मातृत्व अवकाश, स्वास्थ्य बीमा एवं दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

निर्धारित प्रावधानों के तहत दुर्घटना की स्थिति में 20 लाख, 40 लाख एवं 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर तथा अग्निकांड की स्थिति में प्रभावित आउटसोर्स कार्मिक को 10 लाख रुपये तक की सहायता/बीमा कवर की व्यवस्था बताई गई।

आरक्षण और प्रशिक्षण की भी व्यवस्था

आउटसोर्स कार्मिकों के लिए जीरो बैलेंस पर बैंक खाता खोलने तथा कार्यस्थल को सुरक्षित एवं कार्मिक हितैषी बनाने की दिशा में व्यवस्थाएं किए जाने की जानकारी दी गई। पोर्टल के माध्यम से कार्मिकों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।

निगम के माध्यम से आउटसोर्स सेवाओं में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाओं एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं सुरक्षा किट देकर सम्मानित किया।

पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई जा सकेगी शिकायत

महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में कार्मिक आउटसोर्सिंग के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं। यदि किसी कार्मिक को अपने अधिकार अथवा सेवा संबंधी लाभ प्राप्त करने में कठिनाई होती है तो वह उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकता है।

नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने बताया कि पोर्टल का उद्देश्य आउटसोर्स कार्मिकों की समस्याओं को सुनना एवं उनका निस्तारण करना, उन्हें सेवा संबंधी लाभ उपलब्ध कराना तथा आउटसोर्सिंग एजेंसियों को विनियमित करना है। उन्होंने इसे कार्मिकों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

श्रमिक हितलाभ के प्रमाण-पत्र वितरित

कार्यक्रम के अंत में श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के तहत लाभार्थियों को हितलाभ एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कन्या सहायता योजना के तहत अनवर अली, निवासी बाडूजई प्रथम, शाहजहांपुर को 65 हजार रुपये की धनराशि का स्वीकृत प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

शिशु हितलाभ योजना के तहत जागीर खान, निवासी महमंद हद्दफ तथा मो. यूनूस, निवासी ग्राम बरकलीगंज, ब्लॉक खुटार को 31-31 हजार रुपये के स्वीकृत प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

वहीं बीओसीडब्ल्यू बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत दिनेश पाल निवासी श्यामतगंज गौटिया के पुत्र कौशल, कक्षा-6 तथा मो. असलम निवासी तारीन जलालनगर के पुत्र मो. हैदर, कक्षा-9 में चयनित होकर वर्तमान में अटल आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत हैं।

कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं नागेंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा आउटसोर्सिंग कार्मिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post