एक ई-रिक्शा सीज, 40 के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा सोमवार को खिरनीबाग चौराहा एवं बरेली मोड़ पर ई-रिक्शा सत्यापन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, ई-रिक्शा स्वामी के आधार कार्ड तथा वाहन की आरसी से संबंधित विवरण ऑनलाइन दर्ज कर उनका सत्यापन किया।
130 ई-रिक्शों का हुआ सत्यापन
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 130 ई-रिक्शों का सत्यापन किया गया। इस दौरान एक ई-रिक्शा में बेतरतीब ढंग से लोहे की रॉड ले जाते पाए जाने पर उसे सीज कर दिया गया।
वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 ई-रिक्शों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई।
चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
सत्यापन अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, निर्धारित मार्गों पर ही ई-रिक्शा संचालित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में सभी ई-रिक्शों के सत्यापन तक अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की आमजन से अपील
शाहजहाँपुर पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों एवं आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, ई-रिक्शा के सभी आवश्यक अभिलेख अपने साथ रखें और निर्धारित नियमों एवं मार्गों के अनुसार ही वाहन संचालित करें।
पुलिस ने लोगों से सड़क पर सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
