ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज/मिर्जापुर, 19 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने मिर्जापुर में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी के कब्जे से 198 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम, निवासी न्यू आनंद नगर, अधारताल पंप हाउस, कुंडम रोड, जबलपुर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
एसटीएफ के मुताबिक कार्रवाई 19 सितंबर को दोपहर करीब 12:15 बजे मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में मड़िहान-मिर्जापुर रोड स्थित बेला मंदिर के पास की गई। सूचना के आधार पर टीम ने अशोक लीलैंड ट्रक संख्या MP 28 H 4005 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में लदे कोयले के नीचे बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा के रायगढ़ा से प्रयागराज लाया जा रहा था गांजा
एसटीएफ के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा तस्करी करने वाले गिरोह से जुड़ा है। गिरोह द्वारा ओडिशा के रायगढ़ा से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचने का काम किया जाता था।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी अपने ट्रक से ओडिशा गया था, जहां कोयले की आड़ में गांजा लोड कराया गया। इसके बाद वह खेप को प्रयागराज के होलागढ़ क्षेत्र में पहुंचाने जा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने गिरोह से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। एसटीएफ के अनुसार इनकी भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपी ने कथित तौर पर यह भी बताया कि खेप को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के एवज में उसे अलग से रकम मिलती थी।
ट्रक, मोबाइल और नकदी भी बरामद
एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया—
- 198 किलोग्राम गांजा
- अशोक लीलैंड ट्रक MP 28 H 4005
- एक मोबाइल फोन
- 750 रुपये नकद
एसटीएफ के अनुसार कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में प्रयागराज फील्ड यूनिट की टीम ने की। टीम ने मड़िहान क्षेत्राधिकारी मो. फहीम कुरैशी को साथ लेकर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना मड़िहान, जनपद मिर्जापुर में मु0अ0सं0 228/2026, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
