शाहजहांपुर पुलिस ने मौके पर जाकर 31 जनशिकायतों का किया निस्तारण


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 19 सितंबर 2026। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 31 शिकायतों का निस्तारण किया गया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के घर अथवा संबंधित स्थल पर पहुंचकर शिकायतों की स्थलीय जांच कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।

पुलिस के अनुसार 19 सितंबर 2026 को जनपद के सभी थानों पर प्राप्त शिकायतों में से 31 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान संबंधित मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जानकारी एवं फीडबैक लिया जा रहा है।

शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य यह है कि शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाना अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर या मौके पर पहुंचकर समस्या की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित कर रही है।

आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस पहले भी विशेष व्यवस्था और मॉनिटरिंग पर जोर देती रही है।

अभियान के तहत पुलिस द्वारा शिकायतों के निस्तारण के बाद दोनों पक्षों का फीडबैक लेने और शिकायतकर्ता को समाधान के संबंध में संतुष्ट करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Previous Post Next Post