ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️
खैराबाद, सीतापुर। खैराबाद रेलवे स्टेशन तक आम लोगों की सुगम और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों ने सीतापुर के सांसद राकेश राठौर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को मांग पत्र सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार मोहम्मद अफजल और यासीन इब्ने उमर ने बताया कि खैराबाद कस्बे से रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में स्थानीय लोगों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार शहर को स्टेशन से जोड़ने वाली मुख्य सड़क बंद होने तथा शहर और रेलवे स्टेशन के बीच रेल ओवरब्रिज या अन्य सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं, व्यापारियों, बुजुर्गों और आम लोगों को परेशानी होती है।
मांग पत्र में यह भी कहा गया कि कस्बे और रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे माल गोदाम बनाए जाने का प्रस्ताव है। प्रतिनिधिमंडल ने आशंका जताई कि यदि माल गोदाम का निर्माण इसी क्षेत्र में होता है तो आम लोगों के आवागमन में और अधिक परेशानी हो सकती है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की कि माल गोदाम के लिए किसी वैकल्पिक स्थान पर विचार किया जाए अथवा खैराबाद कस्बे से रेलवे स्टेशन तक स्थायी ओवरब्रिज/अंडरपास और सड़क मार्ग का निर्माण कराया जाए, जिससे लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, सांसद राकेश राठौर ने समस्या को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को रेल विभाग, रेल मंत्रालय और सरकार के समक्ष उठाएंगे तथा स्थायी समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
सांसद के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार व्यक्त किया। खैराबाद अवध रेलवे स्टेशन सीतापुर जिले में स्थित है और यहां से विभिन्न यात्री एवं एक्सप्रेस सेवाएं संचालित होती हैं।
