सेवा संकल्प अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक, 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 22 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अभियान के अंतर्गत 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत निर्धारित सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आयोजित कराया जाए। साथ ही कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘विकसित भारत’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा हेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

इस दौरान विद्यालयों में प्रतियोगिताएं, लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रचार-प्रसार, आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, दीप प्रज्वलन, रक्तदान शिविर, रंगोली, सोशल मीडिया पर रील प्रतियोगिता, चौपाल सहित अन्य जनभागीदारी वाले कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

गतिविधियों को पोर्टल पर समय से अपलोड करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर समय से अपलोड की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, डीडीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post