ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मंगलवार को नगर निगम के जोन-7 फाफामऊ कार्यालय में तैनात महिला राजस्व निरीक्षक को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि मकान का बढ़ा हुआ गृहकर संशोधित करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फाफामऊ के शांतिपुरम गद्दोपुर निवासी शारिक अहमद ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज मंडल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी मां के नाम पंजीकृत मकान का बढ़ा हुआ गृहकर संशोधित करने के लिए क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक राधा देवी ने 20 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मामले की जांच की और कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार, 29 सितंबर को 14 सदस्यीय ट्रैप टीम गठित कर नगर निगम के जोन-7 फाफामऊ कार्यालय में कार्रवाई की गई।
बताया गया कि दोपहर करीब 1:16 बजे लोकसेवक साक्षियों और ट्रैप टीम की मौजूदगी में राजस्व निरीक्षक राधा देवी को कथित तौर पर 20 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिला राजस्व निरीक्षक राधा देवी, अंशुल कुमार की पत्नी एवं गिरधारी लाल की पुत्री बताई गई हैं। वह मूल रूप से प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र के पुरेला गांव की निवासी हैं और वर्तमान में फाफामऊ क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात थीं। उनका अस्थायी पता गोविंदपुर, थाना शिवकुटी, प्रयागराज बताया गया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना फाफामऊ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए नंबर जारी
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल की जाए। इसके लिए प्रयागराज मंडल के मोबाइल नंबर 9454402490 अथवा भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 9454402484 पर संपर्क किया जा सकता है।
