ऑपरेशन मातृ शक्ति: RPF की तत्परता से महिला यात्री को समय पर मिली चिकित्सकीय सहायता

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से एक महिला यात्री को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद महिला और नवजात बच्ची को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराकर अग्रिम उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2026 को प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उपनिरीक्षक कार्तिक मिश्रा और उपनिरीक्षक उषा मौर्य ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने एक महिला को अस्वस्थ और तकलीफ में देखा। RPF कर्मियों ने तत्काल महिला की सहायता शुरू की। इसी दौरान महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही बच्ची को जन्म दिया।

चिकित्सकीय सहायता के लिए तत्काल डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया। सूचना पर डॉ. नूपुर पांडे मौके पर पहुंचीं और महिला एवं नवजात बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया।

महिला ने अपना नाम बसंती और उम्र 28 वर्ष बताई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को आगे के उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। महिला के साथ आवश्यक सहायता एवं देखभाल के लिए उपनिरीक्षक उषा मौर्य को भी अस्पताल भेजा गया।

रेलवे के अनुसार वर्तमान में महिला और नवजात बच्ची दोनों सुरक्षित हैं। RPF कर्मियों की समय पर कार्रवाई और चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था को ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत महिला यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के प्रति तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बताया गया है।

अमित कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल

Previous Post Next Post