शाहजहांपुर के युवाओं के लिए सेना भर्ती रैली का मौका, 20 सितंबर को बरेली में होगी अग्निवीर जीडी भर्ती


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

बरेली/शाहजहांपुर, 17 सितंबर 2026। भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। अग्निवीर भर्ती रैली 2027 के तहत बरेली छावनी स्थित जाट रेजिमेंट सेंटर में 14 से 30 सितंबर 2026 तक भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। यह भर्ती रैली क्षेत्रीय भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अंतर्गत सेना भर्ती कार्यालय, बरेली द्वारा आयोजित की जा रही है।

सेना की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के उम्मीदवार शामिल होंगे। अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT) के लिए भर्ती रैली अलग से रुड़की स्थित BEG सेंटर में आयोजित की जाएगी।

शाहजहांपुर के युवाओं के लिए 20 सितंबर को भर्ती रैली

जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर 2026 को अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) के लिए शाहजहांपुर जिले के उम्मीदवारों की भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

शाहजहांपुर सहित बरेली भर्ती कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले कुल 12 जिलों के युवाओं के लिए यह भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इनमें हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, संभल, शाहजहांपुर और श्रावस्ती शामिल हैं।

ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार ही पात्र

सेना के अनुसार केवल वही उम्मीदवार भर्ती रैली में शामिल होने के पात्र होंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) उत्तीर्ण किया है।

शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को अपने रैली एडमिट कार्ड में दर्ज तारीख और समय के अनुसार निर्धारित स्थान पर पहुंचना होगा। उम्मीदवारों को रैली अधिसूचना में बताए गए सभी आवश्यक मूल दस्तावेज भी साथ लाने होंगे।

14 से 25 सितंबर तक का प्रमुख रैली कार्यक्रम

सेना भर्ती रैली का कार्यक्रम जिले और श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है।

14 सितंबर 2026: अग्निवीर टेक्निकल — बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई एवं संभल।

15 सितंबर 2026: अग्निवीर टेक्निकल — सीतापुर, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर एवं लखीमपुर खीरी। इसी दिन अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) के उम्मीदवारों की रैली भी निर्धारित है।

16 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — लखीमपुर खीरी एवं बहराइच।

17 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर तथा हरदोई के बिलग्राम तहसील क्षेत्र के उम्मीदवार।

18 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — हरदोई।

19 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — संभल।

20 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — शाहजहांपुर।

21 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — पीलीभीत एवं फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज तहसील क्षेत्र।

22 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर, फर्रुखाबाद एवं फतेहगढ़ तहसील क्षेत्र।

23 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — बदायूं जिले के बिल्सी, बदायूं, दातागंज एवं सहसवान तहसील क्षेत्र।

24 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — बदायूं जिले के बिसौली तहसील तथा बरेली जिले के मीरगंज, नवाबगंज एवं बहेड़ी तहसील क्षेत्र।

25 सितंबर 2026: अग्निवीर जनरल ड्यूटी — बरेली जिले के फरीदपुर, बरेली एवं आंवला तहसील क्षेत्र।

दलालों और एजेंटों से रहें सावधान

भारतीय सेना और जिला प्रशासन बरेली ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं योग्यता आधारित बनाए रखने की बात कही है। उम्मीदवारों को दलालों, एजेंटों या किसी अन्य व्यक्ति के झांसे में न आने और भर्ती कराने के नाम पर किसी को पैसा न देने की सलाह दी गई है।

सेना के अनुसार कोई भी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता।

एडमिट कार्ड में परेशानी होने पर यहां करें संपर्क

सेना की ओर से बताया गया है कि शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों को यदि अपनी पंजीकृत ई-मेल आईडी से रैली एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की परेशानी आती है, तो वे सेना भर्ती कार्यालय, बरेली में संपर्क कर सकते हैं।

इसके लिए कार्यालय में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संपर्क करने की सुविधा दी गई है।

Previous Post Next Post