शाहजहाँपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 24 जनशिकायतों का किया निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए विशेष अभियान, शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने आने से मिलेगी राहत

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 7 सितंबर 2026 को पुलिस टीमों ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 24 शिकायतों का निस्तारण किया।

आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में अभियान को संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण के आधार पर शिकायतों का समाधान कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार मौके पर कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता के साथ-साथ दोनों पक्षों का फीडबैक भी लिया जा रहा है, ताकि शिकायत के समाधान को लेकर संतुष्टि सुनिश्चित की जा सके।

शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान से शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का बेहतर और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

Previous Post Next Post