मध्यस्थता अभियान 3.0 को सफल बनाने पर मंथन, राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निस्तारण के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने मध्यस्थों को दिए निर्देश, 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार पर जोर

शाहजहाँपुर। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार को उनके विश्राम कक्ष में ‘मध्यस्थता अभियान 3.0’ को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अपेक्षा सिंह सहित सभी मध्यस्थगण मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य मध्यस्थता अभियान 3.0 को सफल बनाने तथा आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।

जनपद न्यायाधीश ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी मध्यस्थों को निर्देशित किया कि वे मध्यस्थता से संबंधित मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक मामलों के निस्तारण से मध्यस्थता अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जा सकेगा।

उन्होंने सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भी निर्देशित किया कि मध्यस्थता अभियान 3.0 एवं राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, फेसबुक, समाचार पत्रों, टीवी चैनलों सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग करने पर जोर दिया गया, ताकि अभियान की जानकारी अधिक से अधिक आमजन तक पहुंच सके और लोग इसका लाभ उठा सकें।

बैठक में मध्यस्थता अभियान एवं आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।

Previous Post Next Post