स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 05 सितंबर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शनिवार को पुलिस लाइन शाहजहांपुर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें आपसी समझौते के बाद दो दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।
गर्भवती पत्नी ने पति के साथ रहने की जताई इच्छा
पहला मामला थाना कटरा क्षेत्र का रहा। पुलिस के अनुसार, दंपती की शादी करीब नौ माह पहले हुई थी और पत्नी पिछले 10 दिनों से अपने मायके में रह रही थी। पत्नी करीब पांच माह की गर्भवती है।
घरेलू बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी ने प्रार्थना पत्र दिया था। काउंसलिंग के दौरान पत्नी ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई। वहीं पति ने आश्वासन दिया कि वह भविष्य में पत्नी से झगड़ा नहीं करेगा और उसे अपने साथ रखेगा।
परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराकर समझाया गया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और उन्हें सकुशल विदा कर दिया गया।
इलाज और खर्च को लेकर था विवाद
दूसरा मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का रहा। इस दंपती की शादी करीब चार माह पूर्व हुई थी और पत्नी करीब दो माह से मायके में रह रही थी।
पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। बीमार होने पर उसका इलाज भी नहीं कराया गया तथा खर्च के लिए पैसे नहीं दिए जाते थे। पत्नी ने कहा कि यदि पति ठीक से व्यवहार करे तो वह उसके साथ जाने के लिए तैयार है।
काउंसलिंग के दौरान पति ने पत्नी के साथ मारपीट न करने, उसे अच्छे से रखने और उसके खर्च के लिए पैसे देने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों के बीच आपसी वार्ता एवं समझाइश के बाद समझौता हो गया। इसके बाद दोनों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।
ये रहे मौजूद
इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र म0उ0नि0 मधु यादव, महिला आरक्षी पिंकी, निशा मिश्रा, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी, नेहा चौहान तथा आरक्षी विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।
