स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 05 सितंबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के क्रम में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहांपुर धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, पिपरौला में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने की। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अपेक्षा सिंह भी मौजूद रहीं।
शिक्षकों के योगदान और मार्गदर्शन की दी जानकारी
जनपद न्यायाधीश ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में मौजूद किशोरों को बताया कि प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमारे जीवन में शिक्षकों के योगदान और उनके मार्गदर्शन को याद करने तथा उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अपेक्षा सिंह ने किशोरों को बताया कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। शिक्षक पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत, समय का महत्व और जिम्मेदारी जैसे जीवन मूल्यों की सीख देते हैं। उन्होंने किशोरों से शिक्षण संस्थानों में शिक्षा देने वाले शिक्षकों का आदर एवं सम्मान करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्विनी कुमार तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर का संचालन लोक अदालत लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया।
शिविर में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह के किशोरों के साथ स्टाफ भी उपस्थित रहा।
