परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई, तीन दंपतियों में समझौता

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई, तीन दंपतियों में समझौता

शाहजहांपुर, 28 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को पुलिस लाइन शाहजहांपुर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। केंद्र पर कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिनमें तीन दंपतियों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया और उन्हें सकुशल साथ विदा किया गया।

सदर बाजार थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। पत्नी पिछले चार माह से मायके में रह रही थी। दोनों पक्षों की काउंसलिंग के दौरान पति ने बताया कि पत्नी के ऑपरेशन से बेटी का जन्म हुआ था, जिसकी डिलीवरी के तुरंत बाद मृत्यु हो गई थी। इसके बाद दोनों के बीच मतभेद हो गए और पत्नी मायके चली गई। वहीं पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने, सास द्वारा दुर्व्यवहार करने और खर्च के लिए पैसे नहीं देने के आरोप लगाए। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया और उन्हें साथ विदा किया गया।

सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। पत्नी करीब तीन माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और ससुराल पक्ष द्वारा विवाद करने की बात कही। उसने पति द्वारा उचित व्यवहार किए जाने पर साथ रहने की सहमति जताई। पति ने पत्नी के साथ मारपीट नहीं करने और पत्नी व बच्चों को साथ रखने की बात कही। दोनों पक्षों की काउंसलिंग के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और उन्हें सकुशल विदा किया गया।

पुवायां थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। पत्नी करीब एक वर्ष से मायके में रह रही थी और उसका एक बेटा है। पत्नी ने पति व ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया और कहा कि मारपीट न होने पर वह पति के साथ रहने को तैयार है। वहीं पति ने पत्नी पर झगड़ा और गाली-गलौज करने तथा परिवार के सदस्यों को भी अपशब्द कहने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की काउंसलिंग के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और उन्हें साथ विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी निशा, रश्मि चौधरी, नेहा चौहान, मोनिका कुमारी, पिंकी सहित अन्य पुलिसकर्मी इस दौरान मौजूद रहे।

Previous Post Next Post