शाहजहाँपुर परिवार परामर्श केंद्र में 26 मामलों की सुनवाई, आपसी समझौते के बाद 2 दंपति साथ हुए विदा

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 18 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। केंद्र में कुल 26 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। इस दौरान आपसी सहमति और समझौते के बाद दो दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में थाना बंडा क्षेत्र के एक दंपति का मामला सामने आया। दोनों की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी और महिला छह माह की गर्भवती है। महिला ने पति पर शराब पीने, मारपीट करने और खर्च के लिए पैसे नहीं देने की शिकायत की। महिला ने कहा कि यदि पति शराब छोड़कर उसके साथ ठीक से रहे, खर्च दे और बिना वजह विवाद न करे तो वह उसके साथ रहने के लिए तैयार है।

परामर्श के दौरान पति ने भविष्य में शराब नहीं पीने, पत्नी के साथ मारपीट नहीं करने और उसकी आवश्यकताओं का ध्यान रखने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

इसी प्रकार थाना कांट क्षेत्र के एक दंपति की भी काउंसलिंग की गई। दोनों की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। महिला पिछले तीन माह से अपने मायके में रह रही थी। महिला ने पति पर शराब पीने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पति शराब छोड़ दे तो वह उसके साथ रहने के लिए तैयार है।

परामर्श के दौरान पति ने भविष्य में शराब नहीं पीने और पत्नी के साथ रहने की इच्छा जताई। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

इस अवसर पर म0मु0आ0 चंद्रकांता, म0आ0 निशा, म0आ0 रश्मि चौधरी, म0आ0 नेहा चौहान, म0आ0 मौनिका कुमारी, म0आ0 पिंकी और आ0 रिंकू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post