परिवार परामर्श केंद्र में 26 मामलों की सुनवाई, आपसी समझौते के बाद एक दंपति की हुई विदाई

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

पुवायां थाना क्षेत्र के दंपति के बीच विवाद का कराया गया समाधान

शाहजहांपुर, 01 सितंबर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन शाहजहांपुर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 26 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जबकि आपसी सहमति और समझौते के बाद एक दंपति को सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में थाना पुवायां क्षेत्र के एक दंपति का मामला सामने आया। दोनों की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। आवेदिका के अनुसार वह पिछले छह माह से अपने मायके में रह रही थी और आठ माह की गर्भवती है। उसने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है और मारपीट के बाद उसे घर से बाहर निकाल देता है।

वहीं, दूसरे पक्ष ने बताया कि ससुराल पक्ष द्वारा उसके पारिवारिक मामलों में दखलअंदाजी किए जाने को लेकर विवाद होता है। बातचीत के दौरान पति अपनी पत्नी की बात मानने और आपसी सहमति से साथ रहने के लिए तैयार हुआ।

परिवार परामर्श केंद्र द्वारा दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी वार्ता कराई गई तथा उन्हें समझाया गया। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया, जिसके बाद दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, निशा मिश्रा, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी एवं आरक्षी विनीत कुमार मौजूद रहे।

Previous Post Next Post