उन्नाव: बिजली बिल संशोधन के नाम पर ₹27 हजार लेने का आरोप, मीटर रीडर के खिलाफ थाने में दी तहरीर

ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या, उन्नाव ✍️

अचलगंज, उन्नाव। अचलगंज क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 मकबूल नगर निवासी एक महिला ने बिजली बिल संशोधन के नाम पर 27 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना अचलगंज में तहरीर देकर रकम वापस कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता आसमा पत्नी रिजवान के अनुसार, उनका बिजली बिल करीब 39 हजार रुपये आया था। बिल में संशोधन कराने के लिए वह मवैया पावर हाउस पहुंचीं। आरोप है कि वहां तैनात मीटर रीडर सोनू साहू पुत्र कल्लू साहू, निवासी हड़हा ने बिल शून्य कराने के नाम पर उनसे 27 हजार रुपये लिए।

आरोप है कि रकम लेने के बावजूद बिजली बिल में संशोधन नहीं किया गया। इसके बाद कार्तिक/नितिन द्वारा नया चेक मीटर लगाए जाने की बात सामने आई। पीड़िता का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर भी उसे टालमटोल किया गया।

मामले को लेकर पीड़िता ने थाना अचलगंज में लिखित तहरीर देकर ₹27,000 वापस कराने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Previous Post Next Post