तिलहर में पटाखा गोदामों और दुकानों की सघन चेकिंग, सुरक्षा मानकों का लिया जायजा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

एसडीएम और सीओ तिलहर ने संयुक्त रूप से किया निरीक्षण, संचालकों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में सोमवार को थाना तिलहर क्षेत्र में स्थित पटाखा गोदामों एवं दुकानों की सघन चेकिंग की गई। क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं उपजिलाधिकारी तिलहर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने पटाखा गोदामों एवं दुकानों के लाइसेंस की वैधता, पटाखों के भंडारण की स्थिति, निर्धारित सुरक्षा मानकों तथा आकस्मिक आग से बचाव के लिए उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण किया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि पटाखों का भंडारण एवं बिक्री निर्धारित मानकों और सुरक्षित स्थानों पर ही की जा रही है।

अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों एवं गोदाम संचालकों को अग्निशमन एवं सुरक्षा उपकरणों को सदैव दुरुस्त और क्रियाशील रखने, ज्वलनशील सामग्री के संबंध में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने के निर्देश दिए।

पुलिस बल को भी क्षेत्र में सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा पटाखा गोदामों एवं दुकानों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रशासन और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है।

Previous Post Next Post