आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किया स्थलीय निरीक्षण, दोनों पक्षों का लिया फीडबैक
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 12 सितंबर 2026। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को कुल 33 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मौके पर पहुंचकर हो रहा शिकायतों का समाधान
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के बताए स्थान पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित 33 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार शिकायतों के समाधान के दौरान मौके पर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है तथा संबंधित दोनों पक्षों का फीडबैक भी लिया जा रहा है, ताकि शिकायत के निस्तारण को लेकर संतुष्टि सुनिश्चित की जा सके।
बार-बार पुलिस कार्यालय आने की जरूरत नहीं
शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं की परेशानी कम करना और शिकायतों का बेहतर तरीके से मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। इससे शिकायतकर्ता को बार-बार थाना अथवा उच्चाधिकारियों के पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और शिकायतों के निस्तारण में तेजी के साथ पारदर्शिता एवं निष्पक्षता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
