जन चौपाल में पहली बार आयुष विभाग के विशेष चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार

विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगाए गए आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा कैंप, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ मुफ्त दवाएं वितरित

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 12 सितंबर। जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित ‘जन चौपाल’ कार्यक्रम के तहत 11 सितंबर को जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहली बार आयुष विभाग द्वारा समन्वय स्थापित कर विशेष चिकित्सा शिविर लगाए गए। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, शाहजहाँपुर के आदेशानुसार जनपद के आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारियों ने जन चौपाल के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय कर चौपाल स्थलों पर ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराईं।

मौके पर हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, मुफ्त दवाओं का वितरण

शिविरों में अपनी स्वास्थ्य समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों का मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार उन्हें आयुर्वेदिक एवं यूनानी औषधियां निःशुल्क वितरित की गईं।

चिकित्सकों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के साथ-साथ वात व्याधि एवं उदर रोगों से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया। इसके अलावा दिनचर्या, खान-पान और आयुष जीवनशैली को अपनाने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

पहली बार लगा आयुष चिकित्सा काउंटर

जन चौपाल के प्रशासनिक मंच पर पहली बार आयुष चिकित्सा काउंटर की व्यवस्था किए जाने से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से चौपाल में पहुंचे लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इस पहल की ग्रामीणों एवं जन चौपाल के नोडल अधिकारियों द्वारा सराहना की गई।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक प्राकृतिक एवं सुलभ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जन चौपालों में यह व्यवस्था आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।

Previous Post Next Post