शाहजहांपुर पुलिस ने 46 जनशिकायतों का मौके पर किया निस्तारण

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 28 सितंबर 2026। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को जिले में कुल 46 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।

पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

अभियान के तहत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 46 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया। इस दौरान शिकायतकर्ताओं के घर या संबंधित स्थान पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और दोनों पक्षों से जानकारी एवं फीडबैक लिया गया।

शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। मौके पर स्थलीय निरीक्षण और दोनों पक्षों की जानकारी के आधार पर शिकायतों का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Previous Post Next Post