बकरी चोरी करने वाले छह अभियुक्त गिरफ्तार, तीन बकरियां और दो कारें बरामद

 


जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 28 सितंबर 2026। थाना मोहनलालगंज पुलिस ने बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तीन बकरियां, बकरी बिक्री से प्राप्त 3,300 रुपये और घटना में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को ग्राम हुलासखेड़ा निवासी माता प्रसाद ने घर का ताला तोड़कर 13 बकरियां चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना मोहनलालगंज में मुकदमा अपराध संख्या 339/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके अलावा 26 सितंबर को ग्राम भसंडा निवासी नंदकिशोर ने तीन बकरियां चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 355/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से 28 सितंबर को चंद्रप्रकाश, शुभम धानुक, अनस, विकास उर्फ नन्हके, गोलू भारती और अमन रावत को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे स्विफ्ट डिजायर और सियाज कार से दिन-रात गांवों में घूमकर बकरियों की रेकी करते थे। मौका देखकर बकरियों को चोरी कर लेते थे और चोरी की बकरियां अनस की दुकान पर बेचते थे। बिक्री से प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आई यह जानकारी अभियुक्तों के कथन पर आधारित है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में चंद्रप्रकाश पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र, निवासी तोपखाना बाजार, थाना कैंट, उम्र 33 वर्ष; शुभम धानुक पुत्र पप्पू, निवासी छितुआपुर पजाया, थाना हुसैनगंज, उम्र 33 वर्ष; अनस पुत्र इश्तियाक, निवासी मूल रूप से सूजागंज, थाना रुदौली, अयोध्या, हाल निवासी सेक्टर जी, आशियाना, उम्र 22 वर्ष; विकास उर्फ नन्हके पुत्र निरंजन लाल, निवासी हबीरपुर, नीलमथा, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, उम्र 27 वर्ष; गोलू भारती पुत्र रमेश भारती, निवासी रिक्शा कॉलोनी, थाना आशियाना, उम्र 29 वर्ष तथा अमन रावत पुत्र अयोध्या प्रसाद, निवासी हमीरपुर, नीलमथा, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, उम्र 26 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में अनस, विकास उर्फ नन्हके, गोलू भारती और अमन रावत के विरुद्ध पूर्व में भी अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों बकरी चोरी के मामलों को अनावृत करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामदगी में तीन बकरियां, बकरी बिक्री से प्राप्त 3,300 रुपये और घटना में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन शामिल हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम थाना मोहनलालगंज पुलिस की रही।

Previous Post Next Post