स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए विशेष अभियान जारी
शाहजहांपुर, 02 सितंबर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शाहजहांपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है।
इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है। अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर उनकी शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करना है।
02 सितंबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 47 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। पुलिस टीम द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है तथा दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि मौके पर शिकायतों के निस्तारण से आमजन को त्वरित राहत मिलेगी और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी।
