सरकारी गेहूं खरीद में 59.59 लाख रुपये के गबन का खुलासा, प्रभारी सचिव गिरफ्तार

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जिले में सरकारी धनराशि से खरीदे गए गेहूं के गबन के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए नामजद प्रभारी सचिव प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया। जांच में कुल 59 लाख 59 हजार 302 रुपये 20 पैसे की सरकारी धनराशि के गबन का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को जिला प्रबंधक पीसीएफ अश्वनी शुक्ला ने थाना तुलसीपुर में तहरीरी सूचना दी। उन्होंने बताया कि जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी गोविन्द कुमार उपाध्याय, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अजय कुमार मौर्य तथा अपर जिला सहकारी अधिकारी तुलसीपुर देवेन्द्र प्रताप अग्रहरि के साथ गेहूं क्रय केंद्र बी-पैक्स तुलसीपुर, नचौरा-नचौरी स्थित गोदाम का भौतिक सत्यापन किया गया।

जांच के दौरान प्रभारी सचिव प्रकाश सिंह मौके पर मौजूद नहीं मिले। अभिलेखों के अनुसार वर्ष 2026-27 में केंद्र पर कुल 420.87 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, जिसमें से 353.759 मीट्रिक टन गेहूं भारतीय खाद्य निगम को संप्रदान किया जा चुका था, जबकि 67.111 मीट्रिक टन गेहूं का संप्रदान होना बाकी था। गोदाम की चाबी उपलब्ध न होने के कारण संयुक्त टीम पूरी तरह निरीक्षण नहीं कर सकी। हालांकि, खिड़कियों से देखने पर गोदाम में गेहूं का भंडारण दिखाई नहीं दिया। इसके बाद क्रय केंद्र के प्रवेश द्वार को सील कर दिया गया।

संयुक्त जांच टीम ने इसके बाद बी-पैक्स कौवापुर गेहूं क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां गोदाम में कोई गेहूं अवशेष नहीं मिला। अभिलेखों के मुताबिक प्रभारी सचिव प्रकाश सिंह द्वारा वर्ष 2026-27 में 322.600 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, जिसमें से केवल 160.947 मीट्रिक टन गेहूं भारतीय खाद्य निगम, बलरामपुर को संप्रदान किया गया। इस हिसाब से 161.653 मीट्रिक टन गेहूं गोदाम में होना चाहिए था, लेकिन मौके पर स्टॉक शून्य पाया गया।

जांच में दोनों केंद्रों से संबंधित कुल 228.764 मीट्रिक टन गेहूं भारतीय खाद्य निगम को संप्रदान नहीं किए जाने की बात सामने आई। गेहूं की निर्धारित दर 2605 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से सरकारी धनराशि के गबन की कुल कीमत 59,59,302.20 रुपये आंकी गई।

तहरीरी सूचना के आधार पर थाना तुलसीपुर में मु0अ0सं0 126/26, धारा 316(5) बीएनएस के तहत प्रभारी सचिव प्रकाश सिंह एवं क्रय केंद्र प्रभारी महेन्द्र मणि तिवारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मामले के सफल अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना तुलसीपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन टीम द्वारा प्रभारी सचिव प्रकाश सिंह को थाने लाया गया था। मुकदमे में उनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।

Previous Post Next Post