सहायक ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सकरन (सीतापुर)। सकरन थाना क्षेत्र के छोटी अदवारी गांव स्थित निजी विद्यालय डीआरएन एकेडमी के प्रधानाचार्य पर कक्षा 6 की छात्रा की पिटाई करने का आरोप लगा है। परिजनों के मुताबिक पिटाई में छात्रा की उंगली का नाखून फट गया और उसके शरीर पर चोट के निशान आए हैं।
जानकारी के अनुसार छोटी अदवारी निवासी रामसेवक की पुत्री सुमन (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 11 वर्ष, डीआरएन एकेडमी में कक्षा 6 की छात्रा है। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को छात्रा रोज की तरह विद्यालय पढ़ने गई थी। गणित की पढ़ाई के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत गुप्ता ने उसे लकड़ी की पट्टी/डंडे से पीटा।
परिजनों के अनुसार पिटाई के बाद छात्रा की हाथ की उंगली का नाखून फट गया और शरीर पर चोट के निशान हो गए। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने रोते हुए घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में आक्रोश व्याप्त हो गया।
छात्रा के पिता रामसेवक ने प्रधानाचार्य के खिलाफ सकरन थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, थानाध्यक्ष सकरन प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। उनके अनुसार अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर अभिभावकों ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग से विद्यालय की मान्यता और मामले की जांच कराने की मांग की गई है।
