जानकीपुरम थाने पर 7 सितंबर को BKU का हल्ला बोल, किसानों के सम्मान में होगा धरना प्रदर्शन

महिला जिलाध्यक्ष विद्यावती रावत बोलीं- किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं, सैकड़ों किसान, महिलाएं और युवा होंगे शामिल

ब्यूरो रिपोर्ट बाल किशन ✍️

लखनऊ। किसानों की समस्याओं और उनके साथ हो रहे कथित अन्याय को लेकर भारतीय किसान यूनियन अवध, राजू गुप्ता गुट ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन की ओर से 7 सितंबर को जानकीपुरम थाने पर विशाल धरना प्रदर्शन किए जाने की घोषणा की गई है।

संगठन की महिला जिलाध्यक्ष एवं किसान नेता विद्यावती रावत ने कहा कि किसानों के साथ जिस तरह से अन्याय हो रहा है, उसे संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब किसानों की आवाज दबाई जा रही है और थानों में उनकी शिकायतों की सुनवाई नहीं हो रही है।

मलिहाबाद से सैकड़ों किसानों के पहुंचने का दावा

विद्यावती रावत ने कहा, “7 सितंबर को जानकीपुरम थाने पर एक विशाल आंदोलन होगा, जिसमें मलिहाबाद की धरती से सैकड़ों किसानों, महिलाओं और युवाओं के साथ मैं खुद भी शामिल होऊंगी।”

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ धरना नहीं, बल्कि किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा और मुख्यमंत्री आवास का रुख करने की चेतावनी दी गई है।

संगठन के अनुसार, 7 सितंबर के प्रस्तावित प्रदर्शन में किसानों के साथ महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

Previous Post Next Post