₹7.14 करोड़ से शाहजहांपुर महानगर में 10 सड़कों का होगा विकास, मंत्री सुरेश खन्ना ने किया शिलान्यास

 

चार हॉट मिक्स और छह सीसी सड़कों के निर्माण से बेहतर होगी सड़क व जलनिकासी व्यवस्था, जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 12 सितंबर 2026। नगर निगम शाहजहाँपुर क्षेत्र में सड़क एवं जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राज्य सेक्टर योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत ₹7 करोड़ 14 लाख की लागत से 10 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। महानगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा ने विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

इस योजना के तहत 04 हॉट मिक्स (डामर) सड़कों के सुदृढ़ीकरण तथा 06 सीसी सड़कों एवं नालियों के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम के अनुसार इन कार्यों के पूरा होने से शहर में आवागमन सुगम होने के साथ जलनिकासी व्यवस्था में भी सुधार होगा और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन 10 स्थानों पर होंगे विकास कार्य

  1. सुभाष नगर में हेल्थ केयर हॉस्पिटल से केजीएनओ हाउस के पास तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण।
  2. सुभाष नगर में स्मार्ट रोड के पास पंप हाउस से राशिद अली के मकान के पास रेलवे सड़क तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण।
  3. सुभाष नगर तिराहे से स्मार्ट रोड तक हॉट मिक्स द्वारा सड़क सुदृढ़ीकरण।
  4. सुभाष नगर तिराहे से कनौजिया हॉस्पिटल तिराहे तक हॉट मिक्स सड़क का सुदृढ़ीकरण।
  5. ईदगाह से मोहम्मद ककरा कला तक हॉट मिक्स द्वारा सड़क सुदृढ़ीकरण।
  6. लोहारों वाले चौराहे से ककरा न्यू सिटी मार्ग तक हॉट मिक्स सड़क का सुदृढ़ीकरण।
  7. ककरा खुर्द में नाजो के खोखे से नजीम के मकान होते हुए खेड़े वाली मस्जिद के पास तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण।
  8. ककरा में नगर निगम कार्यालय के सामने गेस्ट हाउस गेट से पार्क के गेट तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण।
  9. अजीजगंज में डैम रोड से एमआरएफ के पास होते हुए नहर की पटरी तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण।
  10. अजीजगंज में डैम रोड से ओवरहेड टैंक तक तथा शहीद भगत सिंह पार्क होते हुए बरेली मोड़ तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण।

समय-सीमा और गुणवत्ता पर जोर

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि विकास कार्य पूरे होने के बाद शहरवासियों को बेहतर सड़क सुविधा, सुगम आवागमन और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त श्रीमती सौम्या गुरुरानी, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, पार्षद मनीष कुमार गुप्ता, शिवओम सक्सेना, नवनीत कुमार सक्सेना, सैय्यद खान, पार्षद पति नरेश चंद्र मौर्य, नरेंद्र पाल, मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Previous Post Next Post