ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में थाना कोतवाली नगर एवं थाना कोतवाली देहात में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम एवं एसपी ने थाना समाधान दिवस रजिस्टर का भी निरीक्षण किया तथा पूर्व में प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए शिकायतों का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों पर विशेष जोर
भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरणों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थलीय सत्यापन आवश्यक है, उनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में वस्तुस्थिति का परीक्षण करे। इसके बाद नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाना चाहिए, ताकि फरियादी को एक ही समस्या को लेकर बार-बार थाना अथवा तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। भूमि विवाद से जुड़े ऐसे मामलों में, जिनसे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो, राजस्व विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम एवं एसपी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विशेष रूप से भूमि विवाद एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर संबंधित क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

