शाहजहांपुर में लंपी स्किन डिजीज टीकाकरण का अपर निदेशक ने किया सत्यापन

 

नोडल अधिकारी डॉ. मेघश्याम ने शाहगंज पहुंचकर टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और गोवंश आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 12 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं अपर निदेशक ग्रेड-1, नियोजन, निदेशालय लखनऊ डॉ. मेघश्याम ने शनिवार को जनपद शाहजहांपुर के ग्राम शाहगंज, विकासखंड भावलखेड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लंपी स्किन डिजीज (LSD) टीकाकरण, एफएमडी (FMD) टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान की प्रगति का भौतिक सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान विभाग की ओर से बताया गया कि जनपद शाहजहांपुर में लंपी स्किन डिजीज से कोई भी गोवंशीय पशु संक्रमित नहीं है।

अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का भी निरीक्षण

नोडल अधिकारी डॉ. मेघश्याम ने अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल, शाहगंज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में हरे चारे की उपलब्धता को लेकर अप्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने गोवंश के लिए पर्याप्त हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गौशाला में विद्युत संयोजन तथा एक अतिरिक्त टीन शेड की आवश्यकता को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग की योजनाओं और गोवंश के स्वास्थ्य एवं संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रताप की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।

Previous Post Next Post